भोपाल(ईएमएस)। थाना हबीबगंज क्षेत्रांतर्गत श्याम नगर बस्ती में आमजन से संवाद स्थापित करने तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर संजय कुमार द्वारा आज रात्री जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, स्थानीय रहवासी, महिलाओं युवाओं की उपस्थिति रही। जनसंवाद के दौरान उपस्थित लोगों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना तथा पुलिस प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने विशेष रूप से सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अनिवार्यता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हेलमेट न केवल कानूनी रूप से आवश्यक है, बल्कि यह व्यक्ति के जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिस आयुक्त ने लोगों को प्रेरित किया कि वे स्वयं हेलमेट का उपयोग करें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों से बचने के लिए हेलमेट पहनना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान एसीपी हबीबगंज उमेश तिवारी, थाना प्रभारी हबीबगंज पुलिस स्टाफ द्वारा भी नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित वाहन चलाने तथा पुलिस के साथ सहयोग बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। जनसंवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा सुरक्षित समाज का निर्माण करना रहा। जुनैद/ हरि / 15 मार्च, 2026