मनोरंजन
16-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। पिछले कुछ दिनों से यूट्यूबर अनुराग डोभाल को उनके साथ हुई एक गंभीर घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस घटना के बाद से उनके फैंस और करीबियों के बीच उनकी सेहत को लेकर चिंता बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया था, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया और कुछ समय तक आईसीयू में रखा गया। उनके मैनेजर ने सोशल मीडिया के जरिए उनकी सेहत को लेकर नया अपडेट साझा किया है। मैनेजर द्वारा साझा की गई तस्वीर में अनुराग अस्पताल के बेड पर लेटे हुए कैमरे की ओर देखते नजर आ रहे हैं। इस फोटो के साथ जानकारी दी गई है कि अब उनकी हालत में सुधार है और उन्हें आईसीयू से बाहर शिफ्ट कर दिया गया है। पोस्ट में लिखा गया कि अनुराग अब पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं और उनकी टीम 24 घंटे उनके साथ है। साथ ही उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए लगातार प्रार्थनाएं की जा रही हैं। इस अपडेट के सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों ने भी राहत की सांस ली है और सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। इसी बीच अनुराग की पत्नी रितिका डोभाल ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए कुछ भावुक और विचारपूर्ण पोस्ट साझा किए हैं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि पिछले कुछ दिनों में उन्होंने एक बात गहराई से समझी है कि सोशल मीडिया पर जो कुछ दिखाई देता है, वह हमेशा पूरी सच्चाई नहीं होता। उनके अनुसार सोशल मीडिया एक ऐसी जगह है जहां लोग किसी विषय पर कुछ समय के लिए प्रतिक्रिया देते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में आगे बढ़ जाते हैं। रितिका ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि असल मायने इस बात के हैं कि व्यक्ति वास्तविक जीवन में कैसा है और दूसरों के साथ उसका व्यवहार कैसा है। उन्होंने लिखा कि इंसान को अपना दिल साफ रखना चाहिए और अच्छे काम करते रहना चाहिए, क्योंकि अंत में वही काम उसकी पहचान बनते हैं। उनके मुताबिक कर्म ही सबसे बड़ा सच है और समय के साथ उसका परिणाम जरूर सामने आता है। अपने एक अन्य पोस्ट में रितिका ने जीवन के मूल्यों पर बात करते हुए कहा कि उनके लिए पैसा और प्रसिद्धि सबसे महत्वपूर्ण नहीं हैं। उन्होंने लिखा कि उनके लिए धर्म और कर्म ज्यादा मायने रखते हैं और वह जीवनभर इसी रास्ते पर चलने की कोशिश करेंगी, चाहे लोग इसे देखें या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें दुनिया से मान्यता पाने की जरूरत नहीं है, बल्कि वह खुद पर, अपनी आत्मा पर और ईश्वर की व्यवस्था पर भरोसा करती हैं। इसके अलावा रितिका ने अस्पताल से अपनी मां की एक तस्वीर भी साझा की और उनके समर्थन के लिए आभार जताया। सुदामा/ईएमएस 16 मार्च 2026