यह मामला 2008 की फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर के गाने ‘जय हो’ से जुड़ा है नई दिल्ली,(ईएमएस)। ऑस्कर 2026 के बीच एक पुराना किस्सा फिर सुर्खियों में आया। दो ऑस्कर और दो ग्रैमी विजेता एआर रहमान ने अपने कालजयी गाने जय हो के लिए पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ाया था। दिलचस्प बात यह है कि इसी गाने के लिए ऑस्कर लेते वक्त रहमान मंच पर सिंगर सुखविंदर सिंह का नाम लेना भूल गए थे, जिसके लिए उन्होंने बाद में माफी भी मांगी थी। आज जब ऑस्कर के मंच पर अवॉर्ड्स की चमक दिख रही है, तो रहमान और सुखविंदर की जुगलबंदी और उनके बीच के उस माफी वाले किस्से को फैंस एक बार फिर याद कर रहे हैं। बता दें यह मामला 2008 की सुपरहिट फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर के गाने ‘जय हो’ से जुड़ा है। एआर रहमान के म्यूजिक और गुलजार साहब के लिखे इस गाने ने पूरी दुनिया में धूम मचा दी थी। इस गाने को सुखविंदर सिंह, तन्वी शाह, महालक्ष्मी अय्यर और विजय प्रकाश ने अपनी आवाज दी थी। इस गाने के लिए रहमान को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का ऑस्कर मिला था, लेकिन जब वह स्टेज पर अवॉर्ड लेने पहुंचे, तो उन्होंने अपनी स्पीच में कई लोगों का नाम लिया और उन्हें क्रेडिट दिया, लेकिन जल्दबाजी में वह लीड सिंगर सुखविंदर सिंह का नाम लेना भूल गए। इस घटना के कई सालों बाद एआर रहमान ने एक इंटरव्यू में सुखविंदर से इसके लिए माफी मांगी। उन्होंने बताया कि अवॉर्ड लेते समय उनके दिमाग में इतनी सारी बातें चल रही थीं कि गलती से सुखविंदर का नाम उनके जेहन से उतर गया। ऑस्कर के अलावा जय हो गाने ने 2010 में बेस्ट सॉन्ग रिटन फॉर मोशन पिक्चर की कैटेगरी में ग्रैमी अवॉर्ड भी अपने नाम किया था। वैसे एआर रहमान और सुखविंदर सिंह की जोड़ी ने मणिरत्नम की फिल्म दिल से के उस यादगार गाने छइयां छइयां में भी साथ काम किया था, जिसमें शाहरुख खान और मलाइका अरोड़ा का ट्रेन वाला डांस आज भी हर किसी के जेहन में ताजा है। कुछ समय पहले डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ के ऑस्कर विनिंग गाने जय हो गाने को एआर रहमान ने नहीं, बल्कि सिंगर सुखविंदर सिंह ने कंपोज किया था, लेकिन बढ़ते विवाद को देखते हुए राम गोपाल वर्मा ने साफ किया कि उन्होंने ऐसा कुछ भी दावा नहीं किया है। राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी सफाई देते हुए लिखा-मेरी नजर में एआर रहमान न सिर्फ सबसे महान संगीतकार हैं, बल्कि उन सबसे अच्छे इंसानों में से एक हैं जिनसे मैं आज तक मिला हूं। वह कभी किसी दूसरे का क्रेडिट छीनने के बारे में सोच भी नहीं सकते। मुझे उम्मीद है कि अब इस मुद्दे पर चल रही नेगेटिव बातें और विवाद यहीं थम जाएगा। दूसरी तरफ, राम गोपाल वर्मा के बयान को सुखविंदर सिंह ने सिरे से खारिज कर दिया था। एक इंटरव्यू में सिंगर ने साफ शब्दों में कहा कि मैंने तो बस इस गाने को गाया है। इस तरह सुखविंदर की इस सफाई ने उन तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया, जिनमें रहमान के बजाय उन्हें इस गाने का असली कंपोजर बताया जा रहा था। सिराज/ईएमएस 16मार्च26 --------------------------------