मनोरंजन
16-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। छोटे परदे की अभिनेत्री कृतिका कामरा और मशहूर होस्ट गौरव कपूर ने 12 मार्च की शाम मुंबई में अपने दोस्तों और करीबियों के लिए एक शानदार वेडिंग रिसेप्शन आयोजित किया। इस जश्न की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और फैंस कपल की केमिस्ट्री की जमकर तारीफ कर रहे हैं। रिसेप्शन पार्टी में कृतिका कामरा और गौरव कपूर की जोड़ी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कृतिका ब्लू रंग के बॉडी-हगिंग गाउन और डायमंड नेकलेस में बेहद खूबसूरत नजर आईं, जबकि गौरव ब्लू फॉर्मल सूट में काफी डैपर दिखाई दिए। वेन्यू में एंट्री करने से पहले दोनों ने पैपराजी के सामने जमकर तस्वीरें खिंचवाईं। एक वायरल वीडियो में कृतिका अपने पति गौरव का हाथ थामे मुस्कुराते हुए कैमरों के सामने पोज देती दिखाई दे रही हैं, जिसे देखकर फैंस काफी खुश नजर आ रहे हैं। पूरे समारोह के दौरान दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे रहे और उनकी शानदार बॉन्डिंग ने सबका दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों के बाद फैंस कपल की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। कई यूजर्स ने दोनों की केमिस्ट्री को बेहद प्यारा बताया है। एक यूजर ने लिखा कि कृतिका को इतना खुश देखकर दिल खुश हो जाता है। वहीं दूसरे यूजर ने गौरव कपूर की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद विनम्र और समझदार इंसान हैं और दोनों की जोड़ी एकदम परफेक्ट लगती है। कुछ लोगों ने इस जोड़ी को इंडस्ट्री का नया पसंदीदा कपल भी बताया है। इस रिसेप्शन पार्टी में फिल्म, टीवी और क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में सोहा अली खान, युवराज सिंह और हैजल कीच, नसीरुददीन शाह, फराह अख्तर और शिबानी दांडेकर समेत कई सितारे मौजूद रहे। इसके अलावा क्रिकेटर जहीर खान और सागरिका घाटगे, आशीष नेहरा के साथ-साथ मलाइका अरोरा भी इस खास जश्न का हिस्सा बने। बताया जाता है कि दिसंबर 2025 तक कृतिका कामरा और गौरव कपूर ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक नहीं किया था। बाद में कृतिका ने इंस्टाग्राम पर एक ब्रेकफास्ट डेट की तस्वीर साझा कर अपने रिश्ते को आधिकारिक कर दिया। इसके बावजूद दोनों ने अपनी निजी जिंदगी को काफी हद तक निजी ही रखा। शादी की बात करें तो इस जोड़े ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर पर बेहद सादगी के साथ सात फेरे लिए। इस खास मौके पर कृतिका लाल रंग की पारंपरिक साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, जबकि गौरव बेज रंग की शेरवानी में नजर आए। सुदामा/ईएमएस 16 मार्च 2026