क्षेत्रीय
16-Mar-2026


दतिया ( ईएमएस ) | मां पीतांबरा की पावन नगरी में आगामी 4 एवं 5 अप्रैल को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय शतरंज टूर्नामेंट की ट्राफियों का रविवार को पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अनावरण किया। 12 लाख 12 हजार रुपए के पुरस्कार राशि वाले तृतीय जैन मास्टर ओपन रैपिड ब्लो 1700 शतरंज टूर्नामेंट दतिया 2026 का शुभारंभ करते हुए डॉ. मिश्रा ने कहा कि दतिया नगर खेलों में भी अब्बल है। इस तरह के बड़े मंच मिलने से लोगों को प्रेरणा मिलती है। संघ के संरक्षक प्रशांत डेंगुला ने बताया कि दतिया में ब्रेन मास्टर शतरंज टूर्नामेंट का यह तीसरा आयोजन है। इससे पूर्व आयोजित दोनों टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न हुए थे, जिनमें देशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया था। उन्हीं सफल आयोजनों की प्रेरणा से इस वर्ष तीसरी बार यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। ट्राफियों के अनावरण कार्यक्रम में अध्यक्ष सुरेन्द्र वर्मा, सचिव रोहित श्रीवास्तव, दीपेंद्र दांगी, संघर्ष यादव, रजत यादव, हिमांशु सिरोटिया, अनुभव श्रीवास्तव, आयुष पाठक, रितिक विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सचिव रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी भाग लेने की संभावना है।