क्षेत्रीय
16-Mar-2026


ग्वालियर ( ईएमएस ) | भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव पर तीन दिवसीय आयोजन का शुभारंभ 24 मार्च को सिद्ध क्षेत्र गोपाचल पर लगने वाले मेला के साथ होगा। अखिल जैन समाज बृहत्तर ग्वालियर और सकल जैन समाज की बैठक में इसकी तैयारी को लेकर चर्चा हुई। मेले का आयोजन मुनिश्री अनुमान सागर, मुनिश्री अनुकरण सागर के सानिध्य में होगा। इसके लिए मुख्य संयोजक चक्रेश जैन को बनाया गया है। गोपाचल पर शाम 5 बजे से लगने वाले मेले में भक्ति गीत, नृत्य नाटक मंचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी होंगी। इसके साथ ही लकी ड्रा भी निकाला जाएगा। इसी क्रम में 29 मार्च को नई सड़क चंपाबाग बगीची में एक शाम, भगवान महावीर के नाम, भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें जैन समाज के भजन गायक सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। अंतिम दिन 30 मार्च को सुबह 7 बजे दौलतगंज स्थित मंदिर से रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए चंपाबाग बगीची नई सड़क पर पहुंचेगी। यहां भघवान महावीर स्वामी के कलशों के अभिषेक के बाद मुनिश्री के प्रवचन होंगे। उधर अखिल जैन समाज ग्वालियर भगवान महावीर जयंती महोत्सव समिति बृहत्तर ग्वालियर द्वारा 11 मार्च से शुरू किए गए महोत्सव के तहत संगीतमय सामूहिक भक्तांबर पाठ और भक्तांबर विधान के बाद 26 मार्च को महावीर भवन कंपू पर सुबह 8 बजे से खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 28 मार्च को श्वेतांबर जैन उपाश्रय बैरागपुरा सराफा बाजार में दोपहर 2 बजे से महिला सम्मेलन और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिन 30 मार्च को मामा का बाजार स्थित मंदिर से पचरंगे ध्वज के साथ प्रभातफेरी और रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा का समापन महावीर भवन कंपू पर होगा।