* यूपीएससी में 5 और जीपीएससी में 1337 सफल विद्यार्थियों को सम्मान; ग्लोबल पाटीदार बिजनेस समिट 2026 का कर्टेन रेजर लॉन्च अहमदाबाद (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की प्रोत्साहक उपस्थिति में रविवार को सरदारधाम से प्रशिक्षण प्राप्त कर अखिल भारतीय सिविल सेवा तथा गुजरात लोक सेवा आयोग में चयनित हुए युवाओं का सम्मान समारोह आयोजित हुआ। सरदारधाम से प्रशिक्षण प्राप्त कर यूपीएससी में सफलता प्राप्त करने वाले तुषार मेंदपरा, अनिकेत पटेल, सावन सरावडिया, स्नेह पटेल तथा उत्पल पटेल को चेक एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के करकमलों से ग्लोबल पाटीदार बिजनेस समिट 2026 का कर्टेन रेजर लॉन्च किया गया। सम्मान समारोह में पूर्व सिविल अधिकारी तथा समाज के दाताओं को भी सम्मानित किया गया। यह उल्लेखनीय है कि सरदारधाम केळवणीधाम तथा सिविल सर्विस केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर इस वर्ष यूपीएससी की परीक्षा में 5 विद्यार्थी तथा गुजरात लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में 1337 विद्यार्थी सफल हुए हैं। सरदारधाम में इंटरव्यू प्रशिक्षण प्राप्त कर सफल हुए अन्य समाज के विद्यार्थियों को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया। सरदारधाम में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने यूपीएससी और गुजरात लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में सफल हुए उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि परीक्षा पास करके आपने अपनी बौद्धिक क्षमता सिद्ध की है, लेकिन अब इस बुद्धिशक्ति का लोकहित के लिए सदुपयोग करने का वास्तविक समय शुरू हुआ है। आपकी आगामी कार्यशैली और प्रशासनिक निर्णय ही आपके करियर की वास्तविक पहचान बनेंगे। प्रशासनिक सेवा में जुड़ने वाले युवाओं को प्रोत्साहन देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं है बल्कि पुण्य कमाने का एक उत्कृष्ट अवसर है। सरकारी संसाधनों तथा धन का उपयोग जब जनता के कल्याण के लिए सही दिशा में होता है, तब वह समाज के लिए आशीर्वाद बन जाता है। जनता के प्रति अधिकारियों का व्यवहार संवेदनशील होना चाहिए, ताकि वे अपने माता-पिता, संस्था और समाज का गौरव बढ़ा सकें। आगे मुख्यमंत्री ने प्रशासन में अनुशासन और सुशासन के महत्व पर बल देते हुए कहा कि सभी नीति-नियम जनता की सुविधा के लिए बनाए गए हैं, इसलिए प्रशासन में गतिशीलता लाकर नागरिकों की कठिनाइयों को कम करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात की आर्थिक नींव मजबूत हुई है। ‘अमृतकाल’ के इस समय में नए नियुक्त अधिकारियों के पास वर्ष 2047 तक देश की सेवा करने का बड़ा अवसर है। मुख्यमंत्री ने विकसित गुजरात से विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए युवा अधिकारी पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य कर देश के विकास में अपना योगदान देने का आग्रह किया। सम्मान समारोह में स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल्ल पानसेरिया ने सफलता प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से अपने माता-पिता के परिश्रम और सपनों को हमेशा ध्यान में रखकर मेहनत करने का अनुरोध किया। मंत्री ने प्रशासनिक सेवा में शामिल हो रहे युवाओं से अनुरोध किया कि सेवा में जुड़ने के बाद उनका दृष्टिकोण ‘अंत्योदय’ अर्थात समाज के सुदूरवर्ती तथा गरीब व्यक्ति के उत्थान के लिए होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्र भारत में सिविल सेवा के लिए जो उच्च विचार प्रस्तुत किए थे, उन्हें साकार करने की जिम्मेदारी नए अधिकारियों के कंधों पर है। पानसेरिया ने शिक्षा और समाज सेवा के उद्देश्य से संस्था को सहयोग देने वाले दाताओं की उदारता की भी सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहां से प्रशिक्षण प्राप्त किए हुए युवा किसी भी भेदभाव या अहंकार के बिना श्रेष्ठ कार्य करके समाज तथा देश का नाम रोशन करेंगे। इस सम्मान समारोह में सरदारधाम के ट्रस्टी, दाता, सामाजिक एवं राजनीतिक अग्रणी, आमंत्रित महानुभाव, संस्था के फैकल्टी सदस्य सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी व अभिभावक उपस्थित रहे। सतीश/16 मार्च