* 71वें जन्मदिन पर मंत्री कुंवरजी बावळिया ने गांधीनगर में श्रमिकों को अपने हाथों से परोसा भोजन, योजना के विस्तार का किया ऐलान गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात सरकार द्वारा श्रमिकों के सर्वांगीण कल्याण और सुख-समृद्धि के लिए संचालित ‘श्रमिक अन्नपूर्णा योजना’ के अंतर्गत श्रमिक परिवारों को पर्याप्त पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए ठोस योजनाएँ बनाई जा रही हैं। निर्माण क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों और उनके परिवारों को सादा, सात्विक और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस योजना का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में गुजरात सरकार के श्रम, कौशल विकास और रोजगार तथा ग्राम विकास मंत्री कुंवरजी बावळिया ने अपने 71वें जन्मदिन के अवसर पर गांधीनगर के सेक्टर-6 स्थित कडिया नाका के पास श्रमिक अन्नपूर्णा केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने योजना के लाभार्थियों को अपने हाथों से गर्मागर्म भोजन परोसकर अपना जन्मदिन मनाया। मंत्री ने इस अवसर पर श्रमिकों से सीधा संवाद भी किया और श्रमिक परिवारों को परोसे जा रहे पौष्टिक भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि निर्माण क्षेत्र में कड़ी मेहनत करने वाले श्रमिकों को पर्याप्त पोषण मिले, इसके लिए सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। इस योजना के तहत श्रमिकों को मात्र 5 रुपये की रियायती दर पर सादा, सात्विक और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि श्रमिकों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए भोजन केंद्रों के साथ-साथ श्रमिक कल्याण बोर्ड द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। योजना के विस्तार की जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि फिलहाल पूरे गुजरात में 293 केंद्र संचालित हो रहे हैं। जल्द ही 121 नए केंद्र शुरू किए जाएंगे, जबकि इस वर्ष के बजट में 300 अतिरिक्त केंद्र खोलने की योजना बनाई गई है, ताकि राज्य के अंतिम छोर तक काम करने वाले श्रमिकों को भी इस सुविधा का लाभ मिल सके। स्वास्थ्य और कल्याण पर विशेष जोर देते हुए मंत्री ने केंद्र पर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की भी समीक्षा की। श्रमिक कल्याण बोर्ड द्वारा श्रमिकों को प्राथमिक उपचार की सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। खासकर निर्माण स्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों और उनके परिवारों की मौसम के अनुसार देखभाल और विशेष सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी विभाग को दिए गए हैं। गांधीनगर के घ-2 कडिया नाका स्थित केंद्र पर मंत्री की इस प्रेरक उपस्थिति से श्रमिकों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सतीश/16 मार्च