नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली सरकार ने एलपीजी सप्लाई को लेकर फैली अफवाहों के बीच स्थिति पूरी तरह सामान्य होने का भरोसा दिलाया है। वहीं उन्होंने कालाबाजारी रोकने के लिए 70 जांच टीमें शहर में सक्रिय किए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एलपीजी गैस की सप्लाई को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच दिल्ली सरकार ने स्थिति को पूरी तरह सामान्य बताया है। दिल्ली सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने 15 मार्च को कहा कि शहर में एलपीजी की आपूर्ति स्थिर है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। वहीं सरकार ने कालाबाजारी रोकने और सप्लाई की निगरानी के लिए 70 टीमों को तैनात किया है। दिल्ली सरकार ने गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए संयुक्त जांच टीमें गठित की हैं। इन टीमों में पुलिस, वेट्स एंड मेजर्स विभाग और फूड एंड सप्लाई विभाग के अधिकारी शामिल हैं। ये टीमें पूरे शहर में बाजारों की निगरानी कर रही हैं, गैस स्टॉक की जांच कर रही हैं और जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही हैं। मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह व्यवस्थित है और नागरिकों को किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शांति बनाए रखें और जरूरत से ज्यादा गैस खरीदने से बचें ताकि सभी को पर्याप्त आपूर्ति मिल सके। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/16/मार्च/2026