क्षेत्रीय
16-Mar-2026
...


बुरहानपुर (ईएमएस)। ईद का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों की रौनक बढ़ गई है। शहर हो या कस्बा, हर जगह बाजारों में भारी भीड़ देखTने को मिल रही है। लोग पूरे उत्साह और उमंग के साथ अपनी जरूरत की चीजों की खरीदारी करने में जुटे हुए हैं। कपड़ों की दुकानों से लेकर जूते चप्पलों, मोज़े टोपी, चड्डी और बनियान की दुकानों तक ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ दिखाई दे रही है। ईद का त्योहार खुशियों और आपसी भाईचारे का प्रतीक माना जाता है। इस खास मौके पर लोग नए कपड़े पहनने की परंपरा निभाते हैं। इसी कारण बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी में खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाएं जहां नए डिजाइन के सूट, साड़ी और दुपट्टों की खरीदारी कर रही हैं, वहीं पुरुष कुर्ता-पायजामा, पठानी सूट और टोपी खरीदते नजर आ रहे हैं। बच्चों के लिए भी रंग-बिरंगे और आकर्षक कपड़ों की भरमार बाजार में मौजूद है। बाजार में नए जमाने की फैशन का खास प्रभाव दिखाई दे रहा है। चमकीले, भड़कीले और आधुनिक डिजाइन के कपड़ों से दुकानें सजी हुई हैं। दुकानदार भी ग्राहकों की पसंद और फैशन के बदलते रुझानों को ध्यान में रखते हुए तरह-तरह के नए डिजाइन और स्टाइल बाजार में ला रहे हैं। कुछ दुकानों पर आकर्षक छूट और ऑफर भी दिए जा रहे हैं, जिससे ग्राहक ज्यादा संख्या में खरीदारी कर रहे हैं। त्योहार की रौनक का असर मिठाई और सेवइयों की दुकानों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। लोग कपड़ों के साथ-साथ मिठाइयों और अन्य जरूरी सामान की भी खरीदारी कर रहे हैं। कुल मिलाकर ईद के आगमन ने बाजारों में नई जान फूंक दी है। हर तरफ उत्साह, उमंग और खुशी का माहौल नजर आ रहा है, जिससे यह साफ प्रतीत होता है कि ईद का त्योहार लोगों के लिए क्ष4सिर्फ धार्मिक नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक खुशी का भी अवसर है। अकील आजाद/16/2026