राज्य
16-Mar-2026


भोपाल(ईएमएस)।एम्स भोपाल निरंतर जनस्वास्थ्य से जुड़ी पहलों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा दे रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर संस्थान में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें टीकाकरण के महत्व और इससे होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि टीकाकरण के माध्यम से पोलियो, खसरा, डिप्थीरिया, टेटनस और हेपेटाइटिस जैसे कई रोगों से बचाव संभव है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध सभी टीके समय पर अवश्य लगवाएं। कार्यक्रम में चिकित्सकों, रेजिडेंट्स, नर्सिंग स्टाफ और विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। साथ ही उपस्थित लोगों को टीकाकरण से जुड़े मिथकों और तथ्यों के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक लोग टीकाकरण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं। हरि प्रसाद पाल / 16 मार्च, 2026