भोपाल (ईएमएस) । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय ने किशन मोदी को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 19(1) के तहत गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी मेसर्स जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (जेजीएफपीपीएल) और अन्य से संबंधित धन शोधन की जांच के सिलसिले में की गई। मोदी को विशेष न्यायालय (पीएमएलए), भोपाल के समक्ष पेश किया गया और न्यायालय ने पीएमएलए के तहत आगे की जांच के लिए ईडी को 18/03/2026 तक हिरासत में भेज दिया। यह गिरफ्तारी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के आधार पर की गई है। यह जांच हबीबगंज पुलिस स्टेशन, भोपाल में 29.08.2023 को दर्ज एफआईआर संख्या 0492/2023 और ईओडब्ल्यू, भोपाल द्वारा 22.07.2024 को दर्ज एफआईआर संख्या 0027 पर आधारित है। यह गिरफ्तारी भारतीय दंड संहिता, 1860 की विभिन्न धाराओं के तहत मेसर्स जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों और अधिकारियों के खिलाफ दर्ज की गई है। हानिकारक रसायनों से बदलकर मिलावटी डेयरी उत्पाद बनाने का आरोप जांच में पता चला कि मेसर्स जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, जो मिल्क मैजिकÓ ब्रांड नाम से डेयरी उत्पाद सप्लाई करती थी, दूध की वसा को ताड़ के तेल और अन्य हानिकारक रसायनों से बदलकर मिलावटी डेयरी उत्पाद बनाने में शामिल थी। जेजीएफपीपीएल के उत्पाद न केवल घरेलू बाजार में सप्लाई किए जाते थे, बल्कि विभिन्न देशों को निर्यात भी किए जाते थे। इस तरह के निर्यात को सुगम बनाने के लिए, प्रतिष्ठित प्रयोगशालाओं की जाली प्रयोगशाला परीक्षण रिपोर्टें निर्यात मंजूरी प्राप्त करने हेतु इंदौर स्थित निर्यात निरीक्षण एजेंसी (ईआईए) के समक्ष प्रस्तुत की गईं। हालांकि, संबंधित प्रयोगशालाओं से सत्यापन करने पर पता चला कि ऐसी कई रिपोर्टें जाली थीं और उनके द्वारा जारी नहीं की गई थीं। आगे की जांच में पता चला कि इन जाली प्रयोगशाला रिपोर्टों के आधार पर, मेसर्स जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने मिलावटी डेयरी उत्पादों का निर्यात किया और एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक में रखे अपने बैंक खातों में निर्यात आय प्राप्त की। जांच में पता चला कि जाली प्रयोगशाला रिपोर्टों द्वारा समर्थित निर्यात के माध्यम से लगभग 20.59 करोड़ रुपये की निर्यात आय अर्जित की गई, जिसे पीएमएलए के प्रावधानों के तहत अपराध की आय के रूप में पहचाना गया है। मामाले में आगे की जांच जारी है। सवा दो साल पहले ईडी ने की थी छापेमारी की कार्रवाई इस मामले में 29 अगस्त 2023 को हबीबगंज थाना, भोपाल में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद 22 जुलाई 2024 को इसी आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि मिल्क मैजिक ब्रांड के डेयरी उत्पाद बनाने वाली कंपनी जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा घी, पनीर, मक्खन और अन्य डेयरी उत्पादों को विभिन्न देशों में निर्यात किया जाता था। निर्यात प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कंपनी ने इंदौर स्थित निर्यात निरीक्षण एजेंसी से फर्जी लैब परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त की। आशीष पाराशर/16 मार्च2026