राष्ट्रीय
17-Mar-2026


बाराबंकी,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से चोरी का एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहाँ चोरों ने एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय को अपना निशाना बनाया। दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के सराय शाह आलम गांव स्थित इस स्कूल में चोरों ने मिड-डे मील की रसोई का ताला तोड़कर एलपीजी गैस सिलेंडर पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि, चोरों की चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी और सुबह होते ही एक आरोपी रंगे हाथों पकड़ लिया गया। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह जब गांव के प्रधान प्रतिनिधि फुरकान अहमद टहलने के लिए निकले थे, तब उनकी नजर सरसों के एक खेत में संदिग्ध गतिविधि पर पड़ी। उन्होंने देखा कि एक युवक चोरी का सिलेंडर छिपाने की कोशिश कर रहा है। संदेह होने पर उन्होंने तत्काल स्कूल के किचन की जांच की, जहाँ ताला टूटा हुआ मिला। फुरकान अहमद ने सूझबूझ का परिचय देते हुए घेराबंदी की और मौके से गयास नाम के युवक को दबोच लिया। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी गयास ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि इस चोरी में उसका साथी लवकुश भी शामिल था। पकड़े जाने के डर से उन लोगों ने सिलेंडर को सरसों के खेत में छिपा दिया था ताकि बाद में उसे ठिकाने लगाया जा सके। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत से चोरी किया गया सिलेंडर बरामद कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी लवकुश फिलहाल फरार है।दरियाबाद कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गयास को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। फरार अभियुक्त की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की किल्लत और बढ़ती मांग के कारण इस तरह की छोटी चोरियों की घटनाओं में इजाफा हुआ है। फिलहाल, पुलिस अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है। वीरेंद्र/ईएमएस/17मार्च2026