* ग्रामीण नाव से पार कर पहुंचते हैं केंदई *2 करोड़ की लागत से गोल्डन आइलैंड तक बनेगी सड़क * डुबान में पुल बनने से घटेगी 50 किमी दूरी कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के प्रमुख पर्यटन केंद्र गोल्डन आइलैंड में नाव घाट तक पक्की सड़क बनाने योजना बनाई गयी हैं। जानकारी के अनुसार 2.06 किमी सड़क के लिए 2 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है। इसके दूसरे छोर पर बगबुड़ा से नाव घाट तक 6 किमी सड़क बनाई जाने की योजना हैं। फिलहाल डुबान में पुल नहीं होने से ग्रामीणों को नाव से आवाजाही करनी पड़ रही है। बताया जा रहा हैं की डुबान में पुल बनने पर दूरी लगभग 50 किमी कम हो जाएगी। कोरबा जिले की जीवनदायनी हसदेव बांगो बांध के जलभराव क्षेत्र में तीन प्रमुख पर्यटन केंद्र हैं। इसके अंतर्गत सतरेंगा, बुका और गोल्डन आइलैंड टिहरीसरई आदि शामिल है। वन विभाग सतरेंगा व बुका को पर्यटन केंद्र के रूप में में विकसित कर चुका है। गोल्डन आइलैंड के लिए अभी योजना बन रही है। यहां तक पहुंचने के लिए कटघोरा-अंबिकापुर राजमार्ग पर केंदई से गोल्डन आइलैंड की दूरी लगभग 8 किमी है, लेकिन लगभग 6 किमी में ही सड़क बन पाई है। इसके आगे पथरीली कच्ची सड़क है, जो बारिश में खराब हो जाती है। सड़क बन जाने से बारहों महीने गोल्डन आयलैंड तक पहुंचाना आसान हो जाएगा। ग्राम पंचायत साखो कोरबा ब्लॉक से जुड़ा हुआ है। बांगो बांध बनने के 30 साल पहले यहां सड़क थी, जिसे पार कर ग्रामीण ब्लॉक मुख्यालय पोड़ी-उपरोड़ा के साथ अंबिकापुर और कटघोरा की ओर भी आवाजाही करते थे। बांध बनने के बाद सड़क डुबान में आ गई। सिंचाई विभाग ने ग्रामीणों को सुविधा देने के लिए नाव घाट बनाया है, जिसमें अभी भी ग्रामीण उसे पारकर दूसरे छोर पर जाते हैं। ग्राम बगबुड़ा से नावघाट तक सड़क ही नहीं है। इसके साथ ही ग्राम बजारीडाड़ और बोड़ानाला के ग्रामीणों को भी नाव का ही सहारा है। ग्राम बोड़ानाला का पंचायत लालपुर बांगो है। सड़क से जाने पर ग्राम अजगरबहार होकर ग्रामीणों को पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक जाने 50 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है। नाव से पारकर 25 किमी दूरी तय कर पहुंच जाते हैं। इस वजह से भी पुल की जरूरत महसूस की जा रही हैं। * ग्राम लेमरू से उदयपुर जुड़ा केंदई का जुड़ना बाकी कोरबा ब्लॉक के ग्राम लेमरू से लामपहाड़ होते हुए सरगुजा जिले के उदयपुर तक सड़क बन चुकी है। इस सड़क पर बस भी चल रही है। केंदई के जुड़ने से लोगों को अधिक फायदा होगा। पुल बनने से क्षेत्र की करीब 50 हजार आबादी को फायदा मिल सकता है। * गोल्डन आइलैंड में रेस्ट हाउस कैंटीन का निर्माण जारी जानकारी के अनुसार गोल्डन आइलैंड में अभी वन विभाग का रेस्ट हाउस है। कैंटीन का निर्माण कार्य जारी हैं। यहां कॉटेज के साथ ही पर्यटकों को और सुविधाएं देने अनेक योजनाए चल रही है। डीपीआर बनाने के लिए निविदा जारी हो चुकी हैं। यहां मोटर बोटिंग की सुविधा भी शुरू होगी। अभी बुका से बोटिंग करते हुए गोल्डन आइलैंड जाने की सुविधा है। * पुल बनने से बोड़ानाला भी बनेगा पर्यटन केंद्र अभी बोड़ानाला जाने के लिए देवपहरी से पहले एक सड़क है। बताया जा रहा हैं की सतरेंगा की तरह ही बोड़ानाला पर्यटन केंद्र बन सकता है। पुल बनने से भी गोल्डन आइलैंड कोरबा की ओर से जा सकेंगे। इसे टूरिज्म सर्किट में भी शामिल किया जा सकता है। कोरबा से सतरेंगा की दूरी 30 किमी है। इसके 12 किमी दूर बगबुड़ा जाने का रास्ता है। * सड़क का काम शीघ्र शुरू होगा, पुल शामिल नहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना कोरबा के ईई सी.बी. सिंह ने बताया की गोल्डन आइलैंड नाव घाट तक सड़क बनाने का काम शीघ्र शुरू होगा। दूसरे छोर पर भी सड़क बनेगी। डुबान में उच्च स्तरीय पुल की जरूरत है। सेतु निगम प्रस्ताव बनाती है। पुल बनाने की पहल होगी। * बगबुड़ा में पुल बनाने राज्य सरकार को देंगे प्रस्ताव कोरबा जिलान्तर्गत रामपुर क्षेत्र विधायक फूल सिंह राठिया ने कहा की बांगो बांध बनाने के लिए ग्रामीणों ने अपनी हजारों एकड़ जमीन दी है। यहां सिंचाई का लाभ भी नहीं मिलता। राज्य सरकार को पुल बनाकर लोगों को राहत देनी चाहिए। इसके लिए प्रस्ताव देंगे। 17 मार्च / मित्तल