राज्य
17-Mar-2026
...


- अपने ही विधायकों के निशाने पर राजस्व मंत्री रायपुर (ईएमएस)। विधानसभा के बजट सत्र में आदिवासियों की जमीन की खरीदी-बिक्री का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। खास बात यह रही कि इस बार विपक्ष ही नहीं, बल्कि सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा को घेर लिया। भाजपा विधायक गोमती साय ने जशपुर जिले का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि वहां आदिवासियों की जमीनें गैर-आदिवासियों द्वारा खरीदी जा रही हैं, जो नियमों के खिलाफ है। वहीं विधायक भावना बोहरा ने भी इसी मुद्दे को आगे बढ़ाते हुए कहा कि कवर्धा जिले में भी बड़ी संख्या में गैर-आदिवासियों द्वारा जमीन खरीदी गई है। उन्होंने इस पूरे मामले में पूर्व में कलेक्टर समेत अन्य अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े किए और पुराने सौदों की जांच कराने की मांग की। मामले में घिरे राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि जहां-जहां से शिकायतें प्राप्त होंगी, वहां जांच कराई जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जशपुर जिले में फिलहाल जमीन खरीदी-बिक्री से जुड़ा कोई नया मामला सामने नहीं आया है। हालांकि मंत्री ने स्वीकार किया कि जशपुर में कब्जे से जुड़े 2 प्रकरण सामने आए थे, जिनमें कार्रवाई करते हुए संबंधित जमीन मूल आदिवासी स्वामियों को वापस दिलाई गई है। सत्ता पक्ष के विधायकों द्वारा ही उठाए गए इस मुद्दे ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/17 मार्च 2026