नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने मुंडका में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। एक गोदाम से 610 अवैध सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस के सिलेंडर शामिल हैं। नियमों का उल्लंघन कर जमा किए गए इन सिलेंडरों को ऊंचे दामों पर बेचने की आशंका है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और फरार गोदाम मालिक की तलाश कर रही है। नई दिल्ली के मुंडका इलाके में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन एंड किडनैपिंग सेल (एईकेसी) ने छापेमारी कर एक गोदाम से कुल 610 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं, जिन्हें नियमों के खिलाफ जमा करके रखा गया था। क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि मुंडका इलाके में एक गैस एजेंसी के गोदाम में बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर अवैध तरीके से जमा किए गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने इंस्पेक्टर अमित सोलंकी के नेतृत्व में छापा मारा। यह कार्रवाई एसीपी पंकज अरोड़ा और डीसीपी संजीव कुमार यादव की निगरानी में की गई। पुलिस ने गुरुजी इंडेन गैस सर्विस के गोदाम पर छापेमारी की। जांच में सामने आया कि एजेंसी केवल इंडेन के कमर्शियल सिलेंडरों की अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर है, लेकिन गोदाम में भारत गैस और एचपी गैस के सिलेंडर भी बड़ी संख्या में रखे गए थे, जो नियमों के खिलाफ है। छापेमारी के दौरान पुलिस को कुल 610 सिलेंडर मिले, जिनमें भरे और खाली दोनों तरह के सिलेंडर शामिल हैं। छापे के दौरान फूड सप्लाई एंड कंज्यूमर अफेयर्स विभाग के अधिकारी विकास कुमार भी मौजूद थे। उनके अनुसार किसी इंडेन एजेंसी के गोदाम में दूसरी कंपनियों के सिलेंडर रखना नियमों के खिलाफ है। इस मामले में क्राइम ब्रांच थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। छापे के समय गोदाम का मालिक मौके पर मौजूद नहीं था और फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/17/मार्च /2026