क्षेत्रीय
18-Mar-2026


आरा, (ईएमएस)। बिहार की भोजपुर पुलिस ने 11वीं कक्षा के छात्र सुमित कुमार की हत्या के 24 घंटे के भीतर ही, मंगलवार शाम को तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जगदीशपुर के एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा ने कहा, सुमित की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी अविनाश पांडे, विराज कुमार और हरीश पांडे हैं। ये सभी भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बनही गांव के रहने वाले हैं, जहाँ सुमित भी रहता था। हत्या के पीछे के असली मकसद का पता लगाने के लिए जाँच जारी है। राजीव पांडे के बेटे सुमित की सोमवार तड़के गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह रविवार रात को सूरत (गुजरात) से बीएसईबी की 11वीं कक्षा की अंतिम परीक्षा देने के लिए आया था, जो सोमवार से शुरू हुई थी। हालाँकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर हत्या के मकसद का खुलासा नहीं किया है, लेकिन सुमित के दादा द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि यह घटना सुमित और आरोपियों में से एक के बीच पहले हुई कहासुनी का नतीजा थी। बताया जा रहा है कि सुमित ने अपने परिवार की एक महिला सदस्य के प्रति आरोपी के कथित अभद्र व्यवहार पर आपत्ति जताई थी। इस विवाद के बाद, आरोपी ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। सुमित के माता-पिता सूरत में निजी क्षेत्र में काम करते हैं। संतोष झा- १८ मार्च/२०२६/ईएमएस