राज्य
18-Mar-2026


:: विक्रम संवत् 2083 के स्वागत में उमड़ेगा इंदौर; जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट होंगे मुख्य अतिथि :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार, सृष्टि आरंभ दिवस (वर्ष प्रतिपदा) एवं विक्रम संवत् 2083 के भव्य शुभारंभ के अवसर पर गुरुवार, 19 मार्च को इंदौर जिला मुख्यालय पर विशेष सांस्कृतिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। शहर के ऐतिहासिक गांधी हॉल में प्रातः 10 बजे से सूर्य उपासना कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें भक्ति और राष्ट्र गौरव का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस गरिमामय समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट होंगे। आयोजन के मुख्य आकर्षण के रूप में मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल के कलाकारों द्वारा सम्राट विक्रमादित्य के जीवन और उनके न्यायप्रिय शासन पर आधारित एक विशेष नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी। संस्कृति विभाग के अंतर्गत स्वराज संस्थान संचालनालय, भोपाल के सहयोग से होने वाले इस कार्यक्रम में अनुभवी कला दल अपनी प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को भारत के गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराएंगे। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल पर प्रकाश एवं ध्वनि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। :: प्रमुख स्थलों पर होगी ब्रह्मध्वज की स्थापना :: नववर्ष के इस पावन पर्व पर इंदौर जिले के प्रमुख मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर विधिवत तरीके से ब्रह्मध्वज स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के माध्यम से विशेष रूप से ब्रह्मध्वज उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त, आयोजन के दौरान “भारत का नववर्ष – विक्रम संवत्” विषयक ज्ञानवर्धक पुस्तिका का वितरण और प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी भारतीय कालगणना के वैज्ञानिक महत्व को समझ सके। :: युवाओं और जनप्रतिनिधियों की रहेगी बड़ी सहभागिता :: संस्कृति विभाग के इस वृहद अभियान का उद्देश्य भारतीय नववर्ष की महत्ता को जन-जन तक पहुँचाना है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी रहेगी। जिला प्रशासन ने इस आयोजन को भव्य बनाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं, जिससे पूरा शहर नवसंवत्सर के स्वागत के लिए तत्पर नजर आ रहा है। प्रकाश/18 मार्च 2026