राज्य
18-Mar-2026


:: इंदौर-उज्जैन संभाग के 15 जिलों के लिए महू में होगी भर्ती :: इंदौर (ईएमएस)। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती रैली वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया जारी है। इंदौर एवं उज्जैन संभाग के 15 जिलों के पात्र युवा 01 अप्रैल 2026 तक सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। इस भर्ती प्रक्रिया का जिम्मा सेना भर्ती कार्यालय महू को सौंपा गया है। पंजीयन की कम प्रगति को देखते हुए संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने जिला शिक्षा, रोजगार और खेल अधिकारियों को पंचायत स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं ताकि अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस भर्ती के तहत अग्निवीर (पुरुष) जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, ट्रेड्समैन, महिला सेना पुलिस के साथ-साथ नर्सिंग असिस्टेंट और सिपाही फार्मा जैसे स्थाई पदों के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आयु सीमा में मिली राहत: इस बार भर्ती में आयु सीमा में एक वर्ष की वृद्धि की गई है। अग्निवीर पदों के लिए 1 जुलाई 2005 से 1 जुलाई 2009 के बीच जन्मे युवा पात्र होंगे, जबकि स्थाई पदों के लिए जन्म तिथि 1 जुलाई 2004 से 1 जुलाई 2009 के बीच होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी जानकारी के लिए सेना भर्ती कार्यालय महू के दूरभाष क्रमांक 7648815570 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रकाश/18 मार्च 2026