मानदेय बढ़ोत्तरी किए जाने की मांग एवं उत्पीड़न किए जाने का किया विरोध देहरादून (ईएमएस)। आंगनवाड़ी कार्यकत्री सेविका मिनी कर्मचारी संगठन उत्तराखंड के बैनर तले आंगनवाडी कार्यकत्र्रियों ने अपनी मानदेय बढ़ोत्तरी किए जाने एवं उत्पीड़न किए जाने के विरोध में अपनी कलम व मोबाइल बंद हड़ताल शुरू कर दी है जिसके अंतर्गत वह केवल अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी और किसी भी प्रकार का आॅनलाइन कामकाज नहीं करेंगी। वहीं उन्होंने उत्तराखंड में पोषण ट्रैकर एप्प को भी बंद कर दिया है। यहां संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी ने बताया है कि प्रदेश में संगठन से जुडी कमेटी के निर्णय के अनुसार 14 मार्च को प्रदेश स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ती एवं सहायिकाओं द्वारा अपनी विभिन्न मांगों के लेकर प्रदेश स्तरीय रैली निकालकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करना था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर सभी को रोक कर और भेड़ बकरियों की तरह घसीटते हुए बहुत ही बेशर्म और गंदे तरीके गाड़ियों में भर कर गिरफ्तार किया गया वह बहुत ही निंदनीय था। उन्होंने बताया कि जिस कारण सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के अंदर काफी रोष है। उन्होंने सरकार एवं प्रशासन की हरकत पर यह ऐलान किया है कि वह अपने केंद्र में बैठकर केवल अपनी उपस्थिति के अलावा पोषण ट्रेकर पर कोई भी कार्य नहीं करेगी। नेगी ने कहा है कि जब तक सरकार मानदेय को नहीं बढाती तब तक कोई भी पोषण ट्रेकर ओपन नहीं करंेगे। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग ने हमें रजिस्टर में काम नहीं करने और केवल मोबाइल में फोन करने के लिए बोला गया है इसलिए न तो रिचार्ज के पैसे हैं और न ही खाना बनाने के पैसे हैं। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/18 मार्च 2026