:: इंदौर के निपानिया से होगा राज्य स्तरीय शुभारंभ, तालाबों के जीर्णोद्धार के लिए 23 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन :: इंदौर (ईएमएस)। हिंदू नववर्ष और गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश में जल संरक्षण की दिशा में एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सांवेर विधानसभा के निपानिया में आयोजित भव्य समारोह में राज्य स्तरीय “जल गंगा संवर्धन अभियान” का शुभारंभ करेंगे। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि यह अभियान प्रदेश के जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत शहर के तीन प्रमुख तालाबों के कायाकल्प के लिए लगभग 21.43 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इसमें बिलावली तालाब के लिए 12.72 करोड़, लिम्बोदी तालाब के लिए 4.89 करोड़ और छोटा सिरपुर तालाब के लिए 3.82 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। इन कार्यों का मुख्य उद्देश्य तालाबों की जल धारण क्षमता बढ़ाना और शहर के प्राकृतिक जल स्रोतों को नया जीवन देना है। :: निपानिया तालाब का होगा पूर्ण सौंदर्यीकरण :: राज्य स्तरीय शुभारंभ के साथ ही 1.77 करोड़ रुपये की लागत से निपानिया तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य का भी विधिवत आगाज होगा। इस परियोजना के तहत तालाब के चारों ओर आकर्षक पाथ-वे, स्टोन पिचिंग, सुरक्षा रेलिंग, गज़ीबो, भव्य प्रवेश द्वार और व्यापक लैंडस्केपिंग की जाएगी। पौधारोपण के माध्यम से इसे एक सुंदर सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। :: सांवेर से प्रदेश भर में गूँजेगा संरक्षण का संदेश :: ईस्कॉन मंदिर एवं निपानिया तालाब परिसर में होने वाले इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पूरे प्रदेश को जल सहेजने का संदेश देंगे। इस अभियान के तहत प्रदेश भर में जल संरचनाओं की साफ-सफाई, गहरीकरण और जीर्णोद्धार के कार्य जन-भागीदारी के साथ किए जाएंगे। प्रकाश/18 मार्च 2026