राज्य
18-Mar-2026
...


सरकार ने मेडिकल कॉलेज को पीपीपी मोड पर देकर जनता के साथ किया धाोखाः अनिता शर्मा मेडिकल कॉलेज आज भी पूरी तरह से संचालित नहीं हो पाने का कांग्रेस ने लगाया आरोप मेडिकल कॉलेज और सीएससी सेंटर भूपतवाला को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरा हरिद्वार (ईएमएस)। मेडिकल कॉलेज जगजीतपुर और भूपतवाला क्षेत्र में बने अस्पताल को लेकर कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए हरिद्वार की जनता के साथ धाोखा करने का आरोप मढा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जनहित में दी गई कीमती जमीन पर बने मेडिकल कॉलेज आज भी पूरी तरह संचालित नहीं हो पा रहा है। जिससे लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। वहीं जिला अस्पताल का मोर्चरी में चूहों द्वारा शव कुतरने का मामला भी उठाते हुए स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली को कटघरे में खडा किया है। यह आरोप ज्वालापुर विधाायक रवि बहादुर ने आज कांग्रेसी नेताओं के साथ प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकार वार्ता के सरकार पर लगाये है। उन्होंने कहा कि कनखल के जगजीतपुर स्थित मेडिकल कॉलेज भी ठीक ढंग से संचालित नहीं हो पा रहा है। जिसकारण आज भी मरीजों को बाहर के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द ही मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। आरोप लगाया कि करोड़ों की जमीन फ्री में देकर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है। इस दौरान पूर्व मेयर नगर निगम हरिद्वार अनीता शर्मा ने कहा कि जगजीतपुर में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि उनके कार्यकाल में सभी पार्षदों की सहमति से जनता के हित में निःशुल्क दी गई थी। ताकि जनपद के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाए मिल सकें, लेकिन सरकार ने हरिद्वार की जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी मेडिकल कॉलेज में ताले लटके हुए हैं, जबकि जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि कई मामलों में घायल लोग रास्ते में ही इलाज के अभाव में दम तोड़ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द मेडिकल कॉलेज शुरू कराने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि नगर निगम हरिद्वार ने मेडिकल कॉलेज जगजीतपुर के लिए भूमि दी थी, लेकिन वर्षों बाद भी सरकार इसे सुचारू रूप से संचालित नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाया जाएगा कि यदि सरकार मेडिकल कॉलेज नहीं चला पाती है तो भूमि वापस ली जाए। पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने आरोप लगाया कि सरकार मेडिकल कॉलेज को पीपीपी मोड पर देने की तैयारी में थी, लेकिन कांग्रेस के विरोध के चलते इसे रोका गया। जबकि शहरों में स्वास्थ्य सेवाओं का यह हाल है तो ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस जन आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी ने कहा कि केंद्र और राज्य में सरकार होने के बावजूद जनता को अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जो चिंता का विषय है। प्रेस वार्ता में पूर्व सभासद अशोक शर्मा, रकित वालिया, सुंदर सिंह मनवाल दिनेश कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, पार्षद सुनील कुमार, विवेक भूषण विक्की, हिमांशु गुप्ता, पुनीत कुमार, सतेंद्र वशिष्ठ, आशु भारद्वाज, देवेश गौतम, हिमांशु बहुगुणा, बृज मोहन बड़थ्वाल, अनिल ठाकुर आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। (फोटो-12) शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/18 मार्च 2026