इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले में शासन की महत्वाकांक्षी संकल्प से समाधान योजना के तृतीय चरण के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला प्रशासन ने विकासखंड स्तरीय विशेष शिविरों की तिथियां घोषित कर दी हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य ब्लॉक एवं नगर स्तर पर लंबित शिकायतों, आवेदनों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित कर आमजन को सीधी राहत पहुँचाना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अभियान के अंतर्गत पहला शिविर 23 मार्च को इंदौर जनपद की ग्राम पंचायत नैनोद में आयोजित होगा। इसके पश्चात 24 मार्च को एसडीएम कार्यालय महूगांव, 25 मार्च को जनपद पंचायत कार्यालय सांवेर और 26 मार्च को जनपद पंचायत कार्यालय देपालपुर में शिविर लगाए जाएंगे। इन विशेष आयोजनों में सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर प्राप्त शिकायतों और नवीन आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों के सफल संचालन हेतु समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि शासन की मंशा अनुरूप अधिक से अधिक नागरिकों को मौके पर ही समाधान मिल सके। प्रकाश/18 मार्च 2026