राज्य
21-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। बारिश और तेज हवाओं के कारण देश की राजधानी में शुक्रवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई और यह मार्च का छह वर्षों में सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर जारी है। देश की राजधानी दिल्ली सहित अलग-अलग राज्यों में अचानक ही मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश और तेज हवाओं के कारण शुक्रवार को दिल्ली में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में शुक्रवार का दिन पिछले छह वर्षों में मार्च का सबसे ठंडा दिन रहा। राजधानी में शक्रवार को अधिकतम तापमान सफदरजंग में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है। इससे पहले आठ मार्च, 2020 को तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 23 मार्च को दिल्ली में फिर से हल्की बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली में शुक्रवार को बारिश के चलते वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है और एक्यूआई 93 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। इससे पहले नौ अक्टूबर, 2025 को एक्यूआई 99 दर्ज किया गया था। करीब पांच महीने बाद लोगों को साफ हवा में सांस लेने का मौका मिला है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 और 26 मार्च को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इससे पहले शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हुई। मनाली, लाहौल-स्पीति और रोहतांग दर्रे में 90 से 120 सेंटीमीटर तक बर्फ जम गई है। भूस्खलन के कारण कई सड़कें बंद कर दी गई हैं और प्रशासन ने आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया है। उत्तराखंड के केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में भारी हिमपात दर्ज किया गया, जहां चार फुट तक बर्फ गिर चुकी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/21/मार्च/2026