क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 16 से 20 मार्च तक दोपहिया वाहन चालकों के लिए विशेष हेलमेट अभियान चलाया। इस दौरान 17,415 चालान काटे गए और चालान किए गए लोगों को हेलमेट भी दिए गए। संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय कुमार त्यागी ने हेलमेट को जीवन रक्षक कवच बताया। राजधानी दिल्ली की सड़कों को सुरक्षित बनाने और दोपहिया वाहन चालकों को जीवन के महत्व का अहसास कराने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 16 से 20 मार्च तक विशेष अभियान चलाया। 17415 वाहन चालकों के चालान काटे गए। अभियान का समापन बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क में हुआ। इस दौरान पुलिस ने जिन लोगों के चालान काटे उन्हें हेलमेट भी दिया गया। संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय कुमार त्यागी ने हेलमेट को केवल कानूनी आवश्यकता नहीं, बल्कि जीवन रक्षक कवच बताया। एडिशनल पुलिस कमिश्नर विजयंता आर्या, दिनेश कुमार गुप्ता, डीसीपी शोभित डी.सक्सेना और एसीपी सुनील चौहान ने युवाओं को सड़क नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। गुप्ता ने बताया कि यह अभियान केवल चालान काटने तक सीमित नहीं था, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी छूने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में उन लोगों के वीडियो साक्षात्कार साझा किए गए, जो हेलमेट की वजह से दुर्घटनाओं में बच गए। राम मनोहर लोहिया अस्पताल के निदेशक और दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के विशेषज्ञों ने बताया कि सिर की छोटी सी चोट भी गंभीर परिणाम ला सकती हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/21/मार्च/2026