कांकेर(ईएमएस)। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य के तत्वावधान में आयोजित 11वें राज्य स्तरीय स्पेशल एडवेंचर शिविर में शामिल होने के लिए कांकेर जिले से 80 सदस्यीय दल पंचमढ़ी (मध्यप्रदेश) के लिए रवाना हुआ। यह शिविर 20 से 24 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है। जिला प्रशिक्षण आयुक्त प्रदीप कुमार सेन ने बताया कि कांकेर जिले को इस शिविर के लिए 80 प्रतिभागियों का कोटा मिला था। इसमें जिले के विभिन्न स्कूलों से 25 स्काउट छात्र, 51 गाइड छात्राएं और 4 प्रभारी शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस दल में शामिल कई बच्चे ग्रामीण और अंदरूनी क्षेत्रों से हैं, जो पहली बार ट्रेन यात्रा का अनुभव करेंगे। यह उनके लिए एक नया और उत्साहजनक अनुभव होगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का विकास करना है। शिविर के दौरान बच्चों को रॉक क्लाइंबिंग, मंकी ब्रिज क्रॉसिंग, वाटर एक्टिविटी, ट्रेकिंग, रैपलिंग, जिप लाइन, ऑब्स्टेकल रेस, नाइट ट्रेकिंग, कैम्प क्राफ्ट, प्राथमिक उपचार और सर्वाइवल स्किल्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में साहस, संतुलन, त्वरित निर्णय क्षमता और टीम भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।