- रोकने पर कर्मचारियों पर जानलेवा हमला करने का भी लगा आरोप कोरबा (ईएमएस) सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल् इंडिया की अनुसांगिक कंपनी एसईसीएल बिलासपुर के अधीन कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थापित एवं संचालित खुले मुहाने की गेवरा कोयला परियोजना अंतर्गत गत रात्रि एक गंभीर घटना सामने आई, बताया जा रहा हैं की खुसरुडीह पंप शेड में अज्ञात बदमाशों ने घुसकर केबल चोरी करने की कोशिश की। विरोध करने पर पंप ऑपरेटरों पर जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, गत रात्रि 4 से 5 अज्ञात व्यक्ति पंप शेड में घुसे और केबल काटने का प्रयास करने लगे। ड्यूटी पर तैनात पंप ऑपरेटर मोहन सिंह और दुलार साय ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की। इस हमले में दोनों पंप ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सहकर्मियों द्वारा दोनों को तुरंत नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, गेवरा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हमलावरों ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीनकर फेंक दिए, ताकि घटना की सूचना तुरंत बाहर न जा सके और वे मौके से फरार हो सकें। इस घटना ने खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर प्रबंधन और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) सुरक्षा के दावे करते हैं, वहीं इस तरह की घटनाएं जमीनी हकीकत को उजागर कर रही हैं। घटना के बाद कर्मचारियों में आक्रोश है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी मांग की है। फिलहाल मामले की सूचना संबंधित प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों को दे दी गई है। 21 मार्च / मित्तल