क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


ब्यावरा(ईएमएस)l नगर स्थित सिविल अस्पताल की ओपीडी में अनट्रेंड कर्मचारियों द्वारा पर्ची बनाए जाने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि कम पढ़े-लिखे और बिना प्रशिक्षण वाले कर्मचारी गलत नाम और जानकारी दर्ज कर रहे हैं, जिससे इलाज में दिक्कतें आ रही हैं। गत दिवस ऐसा ही मामला सामने आया, जब शहर के सतीश माहेश्वरी अपनी बेटी का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे। ओपीडी में पर्ची बनाते समय कर्मचारी ने बच्ची का नाम तो सही लिखा, लेकिन पिता का नाम गलत दर्ज कर दिया। “माहेश्वरी” की जगह “मंसूरी” लिख दिया गया। इस तरह की गलतियां अन्य मरीजों के साथ भी सामने आ रही हैं। मरीजों का कहना है कि पर्ची में नाम या बीमारी गलत दर्ज होने से डॉक्टर को समझाने में समय लगता है और कई बार भ्रम की स्थिति बन जाती है। उन्होंने प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की मांग की है। जिले में सर्द-गर्म मौसम के चलते मौसमी बीमारियां और वायरल तेजी से बढ़ रहे हैं। सिविल अस्पताल में रोजाना 300 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। सर्दी-जुकाम, बुखार और शरीर दर्द के मरीजों की संख्या ज्यादा है। मौसम के बदलाव का असर बच्चों की सेहत पर ज्यादा पड़ रहा है। सिविल अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ब्रजमोहन गुप्ता के अनुसार रोजाना 30 से अधिक बच्चे उपचार के लिए आ रहे हैं। अधिकतर बच्चे सर्दी-जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं, जो सामान्य इलाज से 3-4 दिन में ठीक हो रहे हैं। सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सौरिन दत्ता ने बताया कि सीएमएचओ के निर्देश पर ओपीडी संचालन का टेंडर बदलने की प्रक्रिया चल रही है। कर्मचारियों की जिम्मेदारी टेंडर संचालक की होती है। आगामी एक से डेढ़ महीने में नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। -निखिल/ब्यावरा/21/3/2026