मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारतीय टीम के आयरलैंड दौरे का कार्यक्रम जारी कर दिया है। भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे से पहले 2 टी20 मैचों के लिए जून-2026 में आयरलैंड पहुंचेगी। तय कार्यक्रम के अनुसार भारतीय टीम 26 जून और 28 जून को पहला और दूसरा टी20 मुकाबला खेलेगी। ये दोनों मुकाबले बेलफास्ट में खेले जाएंगे। भारतीय क्रिकेट टीम का ये पिछले कुछ साल में आयरलैंड का यह चौथा दौरा होगा। भारतीय टीम इससे पहले साल 2018, 2022 और 2023 में भी आयरलैंड दौरे पर गई थी। भारतीय टीम 2007 के बाद पहली बार बेलफास्ट में खेलेगी। बीसीसीआई आमतौर पर आयरलैंड दौरे पर युवा खिलाड़ियों की टीम भेजती रही है। अब देखना होगा कि इस बार कौन सी टीम भेजी जाती है। भारतीय टीम का टी20 में आयरलैंड के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है। दोनों टीमों के बीच अबतक 8 मैच खेले गए हैं और सभी मैचों में भारतीय टीम जीती है। आयरलैंड बोर्ड ने भी साल 2026 के लिए अपने कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। आयरलैंड भारत के खिलाफ सीरीज से पहले उसे वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज टी20 28 मई से 4 जून तक खेलनी है। आयरलैंड को अफगानिस्तान के खिलाफ 5 एकदिवसीय मैचों की सीरीज खेलनी है। यह सीरीज 5 से 14 अगस्त के बीच खेली जाएगी। गिरजा/ईएमएस 21 मार्च 2026