मुम्बई (ईएमएस)। अफगानिस्तान के खिलाफ जून में होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम उतरेगी। इस टीम में सभी प्रमुख खिलाड़ी उतरेंगे और किस को भी आराम नहीं दिया जाएगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अनुसार ये टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस टेस्ट के बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज भी खेली जाएगी। रिपोर्ट्स के अनुसार चयनकर्ता इस मैच में किसी भी तरह का प्रयोग नहीं करते हुए मुख्य टीम ही उतारना चाहते हैं। टीम में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज जैसे प्रमुख तेज गेंदबाजों को भी शामिल किया जाएगा। यह फैसला इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यह सीरीज आईपीएल 2026 के तत्काल बाद खेली जाएगी जबकि ऐसे समय में कमजोर टीम के खिलाफ सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जाता है पर इस बार बोर्ड ने साफ कर दिया है कि टेस्ट क्रिकेट में किसी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी। भारतीय टीम का प्रदर्शन पिछले कुछ समय में टेस्ट में अच्छा नहीं रहा है। भारत ने बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज जीती पर उसे न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका व ऑस्ट्रेलिया से हार मिली। इसी कारण विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 चक्र में भारत की स्थिति अच्छी नहीं है। टीम ने 9 मैचों में सिर्फ 4 जीत के साथ ही अंक तालिका में छठे स्थान पर है। ईएमएस 21 मार्च 2026