क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


- व्यक्ति निर्माण से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार राजगढ़(ईएमएस)l भोपाल स्थित विधानसभा परिसर में 19 एवं 20 मार्च, 2026 को आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा संसद कार्यक्रम में राजगढ़ जिले के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। प्रदेशभर से आए युवाओं के बीच राजगढ़ टीम ने अपने विचारों और प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया। इस कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में राजगढ़ जिले के प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। जहां उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, नेतृत्व क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श विश्वास सारंग सहित विभिन्न गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं को केवल करियर तक सीमित न रहकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने की प्रेरणा दी। संस्था प्राचार्य डॉ. वी. बी. खरे एवं जिला संगठक डॉ. शैलेंद्र कुमार मेवाड़ा के मार्गदर्शन में राजगढ़ जिले से पायल यादव, राम गुप्ता, आनंद शर्मा, जया कुशवाह एवं रोहित शर्मा ने इस कार्यक्रम में भाग लेकर जिले का प्रतिनिधित्व किया। इन सभी प्रतिभागियों ने केंद्रीय बजट 2026 पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से सभी को प्रभावित किया। इस मंच के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल संसदीय कार्यप्रणाली को समझा, बल्कि अपने व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी बढ़ाया। राजगढ़ टीम की यह सक्रिय भागीदारी जिले के लिए गर्व का विषय रही और यह कार्यक्रम युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। -निखिल/राजगढ़/21/3/2026