क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


- एमपी ट्रांसको का हॉट मैन बना आकर्षण का केंद्र जबलपुर, (ईएमएस)। देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट -2026 में मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, ऊर्जा सचिव विशेष गढ़पाले सहित अनेक विद्यार्थियों एवं आगंतुकों ने मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) द्वारा प्रस्तुत मॉडल की सराहना की। ऊर्जा विभाग के स्टॉल पर प्रदर्शित हॉट सूट मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस मॉडल में एक पुतले को एक्स्ट्रा हाई टेंशन इंसुलेटेड सूट पहनाया गया था, जिसे देखकर दर्शकों में उत्सुकता देखी गई। एमपी ट्रांसको के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर संदीप गायकवाड ने इसकी कार्यप्रणाली को सरल भाषा में समझाया। इसके अलावा मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा उपयोग की जा रही ट्रांसमिशन टावरों की ड्रोन पेट्रोलिंग के संबंध में भी अनेक लोगों ने उत्सुकता पूर्वक जानकारी हासिल की। चालू 400 केवी ट्रांसमिशन लाइन मे मेंटेनेंस कार्य............. उल्लेखनीय है कि इस विशेष इंसुलेटेड सूट को पहनकर प्रशिक्षित हॉटलाइन स्टाफ बेयर हैंड तकनीक के माध्यम से 400 केवी ट्रांसमिशन लाइनों पर बिना विद्युत आपूर्ति बाधित किए ही मरम्मत कार्य करते हैं। यह कार्य अत्यंत जटिल एवं उच्च दक्षता पूर्ण होता है। इस अवसर पर मुख्यालय जबलपुर में पदस्थ एवं समिट मे एमपी ट्रांसको के हॉटलाइन प्रशिक्षित लाइन स्टाफ का प्रतिनिधित्व करते हुए राजेंद्र कुमार कुशवाहा ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि 400 केवी की चालू लाइनों में खराब डिस्क बदलने जैसे जटिल कार्य भी प्रशिक्षित टीम द्वारा सफलतापूर्वक किए जाते हैं। ऊर्जा मंत्री ने किया सम्मानित.............. ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने श्री कुशवाहा के उत्कृष्ट एवं जोखिमपूर्ण कार्य की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। सुनील साहू / मोनिका / 21 मार्च 2026/ 05.18