जबलपुर, (ईएमएस)। जिला, पुलिस और निगम प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से शहर की सड़कों को अतिक्रमण की जकड़न से मुक्त कराने और आम नागरिकों को सुगम यातायात की सौगात देने के लिए नगर निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपर आयुक्त अरविंद शाह और अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने बताया कि आदिशंकर चौक और छोटी लाइन फाटक में ट्रैफिक पुलिस और निगम की संयुक्त टीम ने यहाँ लेफ्ट टर्न ब्लॉक करने वाले ऑटो चालकों और अवैध पार्किंग पर कड़ा प्रहार किया। कार्रवाई के दौरान 12 ऑटो और ई-रिक्शा जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि आदिशंकर चौक स्थित सब्जी मार्केट में बड़ी कार्रवाई करते हुए रास्ता बाधित करने वाली दुकानों को हटाया गया। इस दौरान बाजार विभाग ने सख्ती दिखाते हुए 21 हजार रुपये का बकाया किराया भी वसूला और कब्जा की गई दुकानों को खाली कराया। राजस्व विभाग के सहयोग से मदन महल पहाड़ी क्षेत्र में 19 परिवारों को सुरक्षित रूप से तेवर में विस्थापित किया गया। सुनील साहू / मोनिका / 21 मार्च 2026/ 06.28