ग्वालियर ( ईएमएस ) । शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने पावन पर्व ईद के अवसर पर आज ग्वालियर शहर की विभिन्न मस्जिदों पर पहुंचकर मुस्लिम समाज के सभी भाइयों को गले लगाकर ईद की हार्दिक मुबारकबाद दी। इसके उपरांत शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव मुस्लिम समाज के अनेक नागरिकों के घर भी पहुंचे, जहां आत्मीयता और प्रेम के साथ उनका स्वागत किया गया। समाजजनों ने उन्हें सिवइयों और खीर से मुंह मीठा कराकर ईद की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर पूरे शहर में आपसी प्रेम, सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता का भाव देखने को मिला। इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कि ग्वालियर की पहचान उसकी गौरवशाली गंगा-जमुनी संस्कृति, पारंपरिक सौहार्द और सर्वधर्म समभाव की भावना से है। यहां की मिट्टी में प्रेम है, अपनापन है, भाईचारा है, और यही ग्वालियर की सबसे बड़ी ताकत है।