क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के निर्देशानुसार और कलेक्टर मृणाल मीना, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सराफ के मार्गदर्शन में आयोजित ओलम्पियाड प्रतियोगिता के अंतर्गत जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जिले में जन शिक्षा केन्द्र एवं जिला स्तर पर आयोजित ओएमआर आधारित इस प्रतियोगिता में कक्षा 2 से 8 तक के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक कक्षा एवं विषय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 32 विद्यार्थियों का सम्मान समारोह 18 जनवरी को कलेक्टर सभागार में आयोजित किया गया था। इन्हीं में से 4 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय अंग्रेजी ओलम्पियाड के लिए हुआ है, जो 22 से 23 मार्च तक ग्वालियर में आयोजित किया जा रहा है। बालाघाट से चयनित छात्र अपने पालकों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों के साथ एपीसी अकादमिक विवेक गुप्ता के मार्गदर्शन में 21 मार्च को ग्वालियर के लिए रवाना हुए। चयनित छात्र-छात्राओं में कक्षा 5 के खुशांत कुम्भलवार, कक्षा 4 की आर्या पटले, कक्षा 3 के प्रियांश कटरे एवं कक्षा 2 की श्री रहांगडाले इन विद्यार्थियों के साथ उनके पालक एवं मार्गदर्शी शिक्षक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने उनकी तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला शिक्षा केन्द्र के डीपीसी जीपी बर्मन, बीआरसी वारासिवनी शरणागत, बीआरसी कटंगी हरिनखेड़े ने सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि न केवल बालाघाट जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। भानेश साकुरे / 21 मार्च 2026