बालाघाट (ईएमएस). जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हट्टा द्वारा ग्राम पंचायत खैरगांव में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के अंतर्गत जल गंगा संवर्धन अभियान एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में पीएमश्री शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे, डॉ. कान्ता वर्मा (सहायक प्राध्यापक, शासकीय डिग्री कॉलेज लांजी) एवं डॉ. किशोरी लाल अहिरवार (सहायक प्राध्यापक, जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालाघाट) बतौर अतिथि शामिल हुए। शिविरार्थियों ने गांव में रैली निकालकर जल है तो कल है और जल ही जीवन है जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। इसके साथ ही विषय पर बौद्धिक चर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें जल के संरक्षण और संवर्धन के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में शिविर नायक सुदेन्द्र छिपेकर सहित सुरभि रंगारे, स्वाति गौतम, दुर्गेश्वरी पारधी और श्रेया पंचेश्वर ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य रेखा वानखेडे, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी बीआर महंत, धुरन प्रसाद सौलखे, नरेश लिल्हारे सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रामीणों को जागरूक करने का सराहनीय प्रयास किया गया। भानेश साकुरे / 21 मार्च 2026