क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). सहकारी कर्मचारी महासंघ के बैनर तले शनिवार को आयोजित सम्मेलन में कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों और समस्याओं को जोर-शोर से उठाया। इस दौरान निलंबित कर्मचारियों की बहाली और धान के समय पर उठाव जैसे प्रमुख मुद्दे केंद्र में रहे। जिले में सहकारी कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर शनिवार को एक अहम सम्मेलन आयोजित किया। सहकारी कर्मचारी महासंघ के बैनर तले हुए इस सम्मेलन में जिलेभर से सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए। जहां कर्मचारियों के निलंबन, धान के उठाव में देरी, कम वेतन सहित अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन में महासंघ के अध्यक्ष पीसी चौहान ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संपन्न करने के बावजूद लालबर्रा और डोंगरमाली के दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इन कर्मचारियों का सस्पेंशन तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए। बैठक में धान के उठाव में हो रही देरी को लेकर भी गंभीर चिंता जताई गई। चौहान ने कहा कि खरीदी के दौरान छोटे बारदाने मिलने के कारण बड़ी मात्रा में धान खुले में रखा हुआ है, जिससे उसके खराब होने और वजन कम होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समय पर धान का उठाव नहीं हुआ और किसी प्रकार की शॉर्टेज या नुकसान होता है, तो इसके लिए कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराना स्वीकार नहीं किया जाएगा। सम्मेलन के अंत में संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कर्मचारियों से एकजुट रहने की अपील की गई। चौहान ने कहा कि अपने अधिकारों की लड़ाई केवल एकता के बल पर ही प्रभावी ढंग से लड़ी जा सकती है और प्रशासन तक अपनी बात मजबूती से पहुंचाई जा सकती है। भानेश साकुरे / 21 मार्च 2026