23-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति रात्रिकालीन अखिल भारतीय ड्यूस बॉल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में हुआ। मुख्य अतिथि विधायक धरमलाल कौशिक, अध्यक्षता विधायक अमर अग्रवाल तथा महापौर पूजा विधानी सहित अन्य अतिथियों ने खिलाडय़िों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आतिशबाजी के साथ स्टेडियम 16 वर्षों बाद दूधिया रोशनी से जगमगा उठा। मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे स्थानीय खिलाडिय़ों को उच्च स्तरीय खेल देखने और सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने स्व. लखीराम अग्रवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। उद्घाटन मैच में नागपुर की टीम ने गाजियाबाद को 5 विकेट से हराया। नागपुर के मोहम्मद इरफान को 65 रन की शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मैच में खडक़पुर ने जौनपुर को 141 रनों से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की, जिसमें आशीष डेहरिया को मैन ऑफ द मैच मिला। आयोजन समिति के अनुसार 21 से 29 मार्च तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देश के 8 राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें आईपीएल और रणजी खिलाड़ी भी शामिल हैं। सेमीफाइनल 27-28 मार्च और फाइनल 29 मार्च को खेला जाएगा। मनोज राज 23 मार्च 2026