क्षेत्रीय
23-Mar-2026


हाथरस (ईएमएस) । जनपद निवासी राज्य दिव्यांग कल्याण सलाहकार बोर्ड के सदस्य ने जिला प्रशासन एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने नरेंद्र कश्यप, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री एवं राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष को ईमेल के माध्यम से शिकायत पत्र भेजा है।शिकायतकर्ता सागर शर्मा ने पत्र में बताया कि 22 मार्च को जिला स्टेडियम में भारत सरकार की एडिप योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करने हेतु एक बड़े स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद में दिव्यांगजनों के हित में आयोजित अन्य कार्यक्रमों की सूचना भी उन्हें कभी नहीं दी जाती।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी स्मृति गौतम द्वारा पात्र दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए किए गए उनके अनुरोधों पर भी कोई ध्यान नहीं दिया गया।सागर शर्मा ने पत्र में कहा कि उन्हें कार्यक्रमों से दूर रखने का उद्देश्य यह है कि वे दिव्यांगजनों के हित में आवाज न उठा सकें और उनकी समस्याओं को प्रशासन तक न पहुंचा सकें। उन्होंने इसे न केवल अपना, बल्कि राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड का भी अनादर बताया।उन्होंने प्रकरण की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, मंडलायुक्त अलीगढ़ एवं जिलाधिकारी हाथरस को भी भेजी है। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। ईएमएस / 23/03/2026