राष्ट्रीय
26-Mar-2026


लुधियाना (ईएमएस)। पंजाब की मान सरकार ने अपने फैसले पर ब्रेक लगाकर जनता को बड़ी राहत दी है। पंजाब पुलिस की वेबसाइट से एफआईआर (एफआईआर) डाउनलोड करने पर लगाए गए 80 रुपये के सेवा शुल्क को वापस ले लिया गया है। इस संबंध में पुलिस विभाग द्वारा पुराना नोटिफिकेशन रद्द कर नए आदेश जारी कर दिए गए हैं। बता दें कि पंजाब पुलिस के इस फैसले का चारों ओर विरोध हो रहा था। वकीलों ने मान सरकार के इस कदम को जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ करार देकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। याचिका में मांग की गई थी कि एफआईआर सार्वजनिक दस्तावेज है और इस दस्तावेज को हासिल करने के लिए फीस वसूलना अनुचित है। जिला प्रशासन और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अब न केवल सांझ पोर्टल से डिजिटल कॉपी डाउनलोड करना फ्री होगा, बल्कि राज्य भर के सांझ केंद्रों से भी एफआईआर की हार्ड कॉपी प्राप्त करने के लिए कोई सेवा शुल्क नहीं देना होगा। पहले जो 80 रुपये की फीस निर्धारित की गई थी, उस आदेश को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। आशीष दुबे / 26 मार्च 2026