क्षेत्रीय
27-Mar-2026
...


मुंगेली(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई जारी है। आज एसीबी बिलासपुर की टीम ने मुंगेली जिले के अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज में रेंजर और डिप्टी रेंजर को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, सुरही रेंज के रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव ने एक प्रकरण में चालान जल्द पेश करने और जब्त वाहन छोड़ने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता लोरमी निवासी अजीत कुमार वैष्णव ने दिसंबर 2025 में हुई घटना की शिकायत की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। 26 मार्च 2026 को कोटा स्थित मित्र मिलन रेस्टोरेंट में प्रार्थी ने डिप्टी रेंजर को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए। राशि लेते ही एसीबी टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मौके पर रेंजर पल्लव नायक भी उपस्थित थे, जिनकी भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। एसीबी ने मनीष श्रीवास्तव के खिलाफ धारा 7 और पल्लव नायक के खिलाफ धारा 7 व 12, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई शुरू की है। यह पिछले दो वर्षों में बिलासपुर एसीबी की 45वीं ट्रैप कार्रवाई है। एसीबी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी लोकसेवक द्वारा रिश्वत मांगने पर तुरंत एसीबी बिलासपुर को सूचित करें। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 मार्च 2026