राष्ट्रीय
28-Mar-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह एक बार फिर अपने बेबाक और विवादित बयानों के कारण चर्चा में हैं। अक्सर अपने तीखे तेवरों के लिए पहचाने जाने वाले योगराज ने इस बार खिलाड़ियों के संन्यास और करियर को लेकर घर की महिलाओं और पत्नियों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सनसनीखेज दावा किया है कि परिवार की महिलाएं और पत्नियां अक्सर खिलाड़ियों को खेल छोड़ने या करियर से जुड़े बड़े फैसले लेने के लिए प्रभावित करती हैं। एक हालिया साक्षात्कार में योगराज सिंह ने कहा कि घर की महिलाएं खिलाड़ियों को यह समझाना शुरू कर देती हैं कि अब उनके रिटायर होने का समय आ गया है और उन्हें परिवार व बच्चों के साथ समय बिताना चाहिए। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, मेरा मानना है कि महिलाओं को एक महान खिलाड़ी के भविष्य के बीच में नहीं आना चाहिए। फकीर और खिलाड़ी, इन दोनों का कोई विशेष धर्म या वर्ग नहीं होता, वे ईश्वर के बंदे होते हैं। योगराज का मानना है कि खिलाड़ी को तब तक मैदान पर डटे रहना चाहिए जब तक वह प्रदर्शन करने में सक्षम है।इसी दौरान उन्होंने आधुनिक क्रिकेट के दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली पर भी निशाना साधा। उन्होंने उम्र के आधार पर संन्यास लेने की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि यदि कोई खिलाड़ी 50 साल की उम्र में भी दोहरा शतक बना रहा है, तो उसे टीम से बाहर नहीं किया जा सकता। उन्होंने कोहली और रोहित के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें दुनिया को यह अहसास दिलाना चाहिए कि वे अभी भी सर्वश्रेष्ठ और अनिवार्य हैं।दिलचस्प बात यह रही कि इस बार योगराज सिंह के सुर पूर्व कप्तान एमएस धोनी को लेकर थोड़े बदले हुए नजर आए। आमतौर पर युवराज सिंह के करियर को लेकर धोनी की आलोचना करने वाले योगराज ने इस साक्षात्कार में उनकी तारीफ की, जिसे उनके व्यवहार में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। योगराज के इन बयानों ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है। वीरेंद्र/ईएमएस/28मार्च2026 --------------------------------