क्षेत्रीय
28-Mar-2026
...


राजगढ़(ईएमएस)l कृषकों को नरवाई प्रबंधन के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक अभिनव पहल करते हुए शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने नरवाई प्रबंधन पर आधारित जनजागरूकता गीत का लोकार्पण किया। यह गीत सहायक संचालक कृषि प्रहलाद सिंह बारेला द्वारा निर्मित एवं प्रस्तुत किया गया है। यह प्रेरणादायी गीत सरल एवं प्रभावी शब्दों के माध्यम से कृषकों को नरवाई प्रबंधन के महत्व से अवगत कराता है। गीत के बोल— “राजगढ़ की रानी मैं, ये खेत मेरा ताज… नरवाई का प्रबंधन, मेरा नया राज…” —कृषि के प्रति गर्व और जिम्मेदारी का संदेश देते हैं। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि नरवाई जलाना न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है, बल्कि इससे मिट्टी की उर्वरता भी प्रभावित होती है। उन्होंने कृषकों से अपील की कि वे आधुनिक तकनीकों को अपनाकर नरवाई का समुचित प्रबंधन करें, जिससे भूमि की गुणवत्ता बनी रहे और उत्पादन में वृद्धि हो। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के रचनात्मक प्रयास जागरूकता फैलाने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध होते हैं। गीत के निर्माता प्रहलाद सिंह बारेला ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य कृषकों तक सरल भाषा में महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाना है, ताकि वे नरवाई प्रबंधन को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण एवं बेहतर कृषि उत्पादन में योगदान दे सकें।जिला प्रशासन ने सभी कृषकों से अपील की है कि वे नरवाई जलाने के स्थान पर उसके वैज्ञानिक प्रबंधन को अपनाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। -निखिल/राजगढ़/28/3/2026