क्षेत्रीय
28-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)। हनुमान जयंती के उपलक्ष में लगने वाले विशाल मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और एसपी हितिका वासल ने हनुमान टेकरी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारी बाईपास स्थित टेकरी रोड से पैदल चलते हुए मंदिर तक पहुंचे और ऊपर से लेकर नीचे मेला ग्राउंड तक निरीक्षण किया। इस दौरान पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह सलूजा, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिकरवार, अंकुर श्रीवास्तव सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सबसे पहले कलेक्टर और एसपी ने टेकरी सरकार के दर्शन किए, इसके बाद मेले की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। कलेक्टर कन्याल ने बताया कि पिछले वर्ष की तर्ज पर इस बार भी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। ट्रस्ट के माध्यम से करीब 500 वॉलंटियर सेवा में रहेंगे, वहीं नगर पालिका द्वारा पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था टैंकरों के जरिए की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता मेले को सुचारू और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना है। वहीं एसपी हितिका वासल ने बताया कि मेले को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। करीब 300 से 400 पुलिसकर्मी, जिनमें महिला और पुरुष दोनों शामिल होंगे, तैनात किए जाएंगे। महिला सुरक्षा के लिए विशेष मोबाइल पार्टियां सक्रिय रहेंगी और अतिरिक्त महिला बल भी लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की कमियों को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि हनुमान टेकरी गुना की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां हनुमान जयंती के अवसर पर प्रदेशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। - सीताराम नाटानी