- पूर्व जनपद उपाध्यक्ष सहित 4 घायल कोरबा (ईएमएस) कोरबा-चांपा सड़क मार्ग अंतर्गत भैसमा-उरगा मुख्य मार्ग पर कूकरीचोली पेट्रोल पंप के पास एक कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित हो कर दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में कोरबा जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष विक्की कंवर सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार ट्रेलर अचानक नियंत्रण खो बैठा जिससे बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घायल सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 को सूचना दी और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। सभी घायलों का इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। 28 मार्च / मित्तल