- बाद में गिरफ्तारी के डर से प्रेमिका को ही बनाया जीवन संगिनी जबलपुर, (ईएमएस)। खमरिया थाना क्षेत्र में पुलिस की सख्ती और कानूनी कार्रवाई के डर से अंतत: प्रेम संबंध के बाद शादी से मुकरने वाले युवक को मंदिर में अपनी प्रेमिका के साथ विवाह की रस्म अदा करनी पड़ी। प्राप्त जानकारी के अनुसार रंजीत कुशवाहा नामक युवक का शालिनी ठाकुर के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच विवाह को लेकर पूर्व में सहमति भी थी परंतु कुछ समय बाद रंजीत के व्यवहार में बदलाव आने लगा और उसने शादी की बात को नजरअंदाज करना शुरू कर दिया। जब शालिनी ने शादी का दबाव बनाया तो वह बहानेबाजी करने लगा और अंततः एक दिन उसने रिश्ते को निभाने से स्पष्ट मना कर दिया। प्रेमी की इस धोखाधड़ी का अहसास होने पर शालिनी ठाकुर ने खमरिया थाना पहुंचकर रंजीत के विरुद्ध शिकायत दर्ज करा दी। युवती ने पुलिस को जानकारी दी कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ संबंध स्थापित किए और अब अपने वादे से पीछे हट रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक पर दबाव बनाया। इसके बाद एफआईआर और जेल जाने के डर से रंजीत कुशवाहा के तेवर ढीले पड़ गए और उसने तत्काल शादी के लिए अपनी स्वीकृति दे दी। अंतत: पुलिस की निगरानी में दोनों पक्षों की मौजूदगी में मंदिर में दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। अजय पाठक / मोनिका / 28 मार्च 2026/ 03.14