- श्रमिकों के लिये उपलब्ध विधिक सहायता व श्रमिक हितैषी योजनाओं की दी गई जानकारी ग्वालियर ( ईएमएस ) शहर के पिंटू पार्क पानी की टंकी के पास स्थित श्रमिक आश्रय स्थल पर शनिवार को वृहद साक्षरता शिविर लगाकर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिये संचालित विधिक सेवा योजना सहित श्रमिक कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। यह शिविर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं प्रधान जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री ललित किशोर के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में लगाया गया। शिविर में लगभग 500 श्रमिकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर संबल योजना के 25 श्रमिकों को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। वृहद साक्षरता शिविर में नालसा की असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक सेवा योजना 2015, निःशुल्क विधिक सहायता योजना, नालसा एवं सालसा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री प्रियंक भारद्वाज द्वारा जानकारी दी गई। साथ ही जिला विधिक सहायता अधिकारी सुश्री अंकिता शांडिल्य, लीगल एड डिफेंस काउंसिल ग्वालियर की ओर से श्री अरविंद सिंह चैहान, श्री गिर्राज सिंघल, श्री ओमप्रकाश भार्गव द्वारा शिविर में उपस्थित श्रमिकों को जानकारी प्रदान की गई तथा पैरालीगल वालेटियर्स श्रीमती संध्या भदौरिया, श्रीमती रीता गुप्ता, श्रीमती जूली कोली, श्री वासुदेव मिश्रा एवं श्री अवधेश लहारिया द्वारा शिविर आयोजन व्यवस्था में अपेक्षित सहयोग एवं विधिक सहायता के संबंध में श्रमिकों को उनके विधिक अधिकारो के संबंध में जागरूक किया गया। इसी क्रम में श्रमिकों के लिए शासन द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में वरिष्ठ श्रम निरीक्षक श्री आलोक शर्मा व श्रम निरीक्षक श्री राहुल दोहरे ने जानकारी दी। साथ ही संबल योजना के अंतर्गत 25 श्रमिकों व हितग्राहियों को स्वीकृत राशि के प्रमाण-पत्र प्रदाय किये गये। इसके अलावा श्रमिक ई-कार्ड, संबल योजना एवं श्रमिकों के लिए प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन, असंगठित कामगारों के लिए पेंशन योजना तथा अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। साथ ही जिन श्रमिकों के ई-श्रमिक कार्ड नहीं बने थे, उन्होंने ई-श्रमिक कार्ड के लिये शिविर में पंजीयन कराया । शिविर में 500 से अधिक श्रमिकों द्वारा सहभागिता की गई। श्रम विभाग के माध्यम से 25 हितग्राहियों को 2 लाख रुपए के मान से कुल 50 लाख रुपए के अवार्ड राशि के प्रमाण पत्र वितरित कर लाभान्वित कराया गया। विधिक साक्षरता शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संदीप शर्मा, सचिन प्रजापति, विक्रम बहादुर सिंह, देवकृष्ण सिंह सिकरवार, प्रमोद शर्मा, नीरज सिंघल कर्मचारीगण उपस्थित रहे।