राज्य
28-Mar-2026


- मामले में पुलिस ने किया हत्या के प्रयास की धाराओ का इजाफा - फुटेज के आधार पर आरोपियो की पहचान जुटा रही पुलिस भोपाल(ईएमएस)। पुराने शहर के शाहजहानाबाद थाना इलाके में धारदार हथियारो से लैस बदमाशों के हमले में पिता के साथ मौजूद 6 साल की मासूम बेटी के सिर में घातक चोटं आने से वह गंभीर रुप से घायल हुई है। मासूम के सिर में तलवार लगने से घायल होने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज प्रकरण में संगीन धाराओं का इजाफा किया है। गौरतलब है कि घटना में पुलिस ने पहले केवल साधारण मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा का इजाफा कर दिया है। बदमाशो की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इसके सीसीटीवी फुटेज गुरुवार देर रात सामने आए हैं। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज में हथियारों से लैस बदमाश उत्पात मचाते नजर आ रहे हैं। अधिकारियो का कहना है की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है, जिसके बाद जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जायेगी। वहीं घायल बच्ची का उपचार जारी है, अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। - यह था पूरा मामला मिली जानकारी के अनुसार इंद्र विहार कॉलोनी एयरपोर्ट रोड की रहने वाले फैजान अहमद पोस्ट ऑफिस में कार्यरत हैं। उनकी छह साल की बेटी मिरल अहमद निजी स्कूल में किंडरगार्टन की छात्रा है। पिता फैजान के अनुसार, उनकी पत्नी दोनो बच्चों के साथ शाहजहानाबाद स्थित नूर महल अपने मायके आई थीं। बुधवार देर रात वह पत्नी और बेटा-बेटी को ससुराल से दो पहिया वहन से लेकर अपने एयरपोर्ट रोड स्थित घर के लिए रवाना हुए। इस दौरान शब्द प्रिंटिंग प्रेस के पास पहले से करीब 70-80 लोग आपस में विवाद कर रहे थे। गली काफी तंग होने के कारण फैजान ने वाहन मोड़ने की कोशिश की, इसी बीच झगड़ा बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आपसी मारपीट के बीच ही किसी के द्वारा धारदार हथियार से किया गया वार उनकी बेटी मिरल के सिर में लगा, जिससे उसे गहरी चोट आई। फैजान किसी तरह घायल बेटी को लेकर मारपीट के बीच से निकल कर मेन रोड पर पहुंचे और पास के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज कराया। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकरण दर्ज किया। फैजान ने पुलिस को बताया कि वे आरोपियों को नहीं जानते, लेकिन सामने आने पर पहचान सकते हैं। सभी आरोपी लाठी-डंडों और तलवारों से लैस थे। वारदात के बाद वे मौके से फरार हो गए। जुनेद / 28 मार्च