राज्य
30-Mar-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। नगर निगम रायपुर के वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट आज सामान्य सभा की बैठक में पेश किया जाएगा। बैठक शुरू हो चुकी है और महापौर मीनल चौबे थोड़ी देर में बजट प्रस्तुत करेंगी। इस बार बजट का आकार करीब 1600 करोड़ रुपए रहने का अनुमान है। बजट पेश होने से पहले ही सदन में राजनीतिक माहौल गरमा गया। कांग्रेस पार्षद दल ने विरोध जताते हुए हाथों में वादों से जुड़े पोस्टर लेकर नारेबाजी और गीत गाते हुए सभा में प्रवेश किया। इस पर सभापति ने नाराजगी जताते हुए तख्तियां हटाने के बाद ही कार्यवाही शुरू करने की बात कही, लेकिन विपक्ष ने अधूरे वादों पर पहले चर्चा की मांग रखी। इस दौरान कांग्रेस पार्षद सदन में धरने पर बैठ गए, वहीं भाजपा पार्षदों ने उनके विरोध में नारेबाजी की। बैठक में एमआईसी के प्रस्ताव के अनुसार 17 एजेंडों पर भी चर्चा होगी, जिनमें विकास कार्य और नामकरण से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। इस बार बजट में पूंजीगत व्यय के तहत करीब 789 करोड़ रुपए खर्च का प्रस्ताव है। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, नालों के ट्रीटमेंट प्लांट, सड़क चौड़ीकरण और अन्य अधोसंरचना कार्य शामिल किए गए हैं। साथ ही नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए ऑनलाइन होर्डिंग मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने और नई विज्ञापन नीति में दरें बढ़ाने का भी प्रस्ताव है। जल कार्य विभाग के लिए करीब 68 करोड़ रुपए और विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के लिए लगभग 74 करोड़ रुपए खर्च का अनुमान है। इसमें पेयजल आपूर्ति, पंप स्थापना, स्ट्रीट लाइट और सौर ऊर्जा से जुड़े कार्य शामिल हैं। जोन कार्यालयों के माध्यम से करीब 189 करोड़ रुपए सफाई, सड़क, नाली और सामुदायिक भवन जैसे कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। लोक कर्म विभाग के लिए करीब 97 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है, जिसमें सीमेंट सड़क, नालों का निर्माण, फुटपाथ और चौराहों का विकास शामिल है। वहीं स्वच्छता, स्वास्थ्य और फूड से जुड़े कार्यों के लिए 77.55 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसमें मच्छर नियंत्रण, आवारा कुत्तों की नसबंदी और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट जैसे कार्य शामिल हैं। पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में नगर निगम का बजट 1529.53 करोड़ रुपए था। इस बार बजट में बढ़ोतरी के साथ शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने पर जोर रहने की संभावना है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)30 मार्च 2026