मोहला-मानपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। डीआरजी और आईटीबीपी के जवानों ने संयुक्त कार्रवाई में जंगल से माओवादियों का हथियारों से भरा डंप बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह के नेतृत्व में जवानों ने बस्तर के सीमावर्ती इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। सूचना के आधार पर आज सुबह चलाए गए अभियान के दौरान कांकेर जिले के उयकाटोला और कोवाचीटोला तथा मानपुर ब्लॉक के कलवर गांव के बीच जंगल में गड्ढे में छुपाकर रखा गया नक्सल डंप मिला। बरामद डंप से एक AK-47 और एक इंसास रायफल के साथ कारतूस और अन्य हथियार संबंधी सामग्री जब्त की गई है। सुरक्षा बलों ने सभी सामान को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इसी उयकाटोला क्षेत्र के जंगल से पूर्व में आरकेबी डिवीजन के पांच माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया था। लगातार मिल रही ऐसी सफलताओं से क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों पर असर पड़ता नजर आ रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)30 मार्च 2026